सिटी मजिस्ट्रेट, ए डीओ, वीडियो समेत 40 कोरोना पॉजिटिव।
सिटी मजिस्ट्रेट, एडीओ, वीडीओ समेत 40 कोरोना पॉजिटिव
उन्नाव। सिटी मजिस्ट्रेट के साथ सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के एडीओ पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी सहित जिले में 40 की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। संक्रमितों में नवाबगंज के दस लोग संक्रमित आए हैं। जिसमें एक ही परिवार के सात लोग शामिल हैं। संक्रमितों को श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज के साथ औरास व बिछिया कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल की ट्रूनेट मशीन से जांच में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक कार्यालय में तैनात एडीओ पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी के साथ महिला व पुरुष लेखाकार, दो कंप्यूटर ऑपरेटर, तीन मनरेगा में तैनात कर्मी, शहर के केसरगंज निवासी 17 साल की किशोरी, एक साल का बच्चा, रामनगर मोहल्ले का 26 साल का युवक, नवाबगंज के अलग-अलग मोहल्लों में 17 साल की किशोरी व 19 साल के युवक के साथ नवाबगंज कस्बे के मोहल्ला दुर्गागंज में सात दिन पहले संक्रमित मिला दंपति व उनके बेटे के बाद परिवार के 7 अन्य लोगों की रिपोर्ट संक्रमित आई है।
वहीं, ब्लॉक क्षेत्र के गांव हसनापुर में 18 व 20 साल के दो युवक संक्रमित मिले हैं। इसमें सेवरा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक दो महीने पहले गुजरात से वापस लौटा था। पंद्रह दिन पहले युवक को बुखार आने पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कराया गया है। पहला सैंपल पॉजिटिव आया। दस दिन रोकने के बाद दूसरा सैंपल कराया गया। जिसमें यह निगेटिव आया। नियमानुसार तीन सैंपल लिए जाने होते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तीसरा सैंपल लेने के बाद उसे घर भेज दिया गया। अब उसकी तीसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रैपिड टेस्ट किट से शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी मिठाई व्यवसायी, असोहा ब्लॉक की पंचायत सेमरी और कंचनपुर में दो युवक व बांगरमऊ सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स के परिवार का एक जो हरदोई स्वास्थ्य विभाग में तैनात है वह संक्रमित निकला है। वहीं, जिला न्यायालय के प्रशासनिक कार्यालय में तैनात बाबू की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में 40 संक्रमित मिले हैं। सभी को सोहरामऊ के श्रीराममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज के साथ औरास व बिछिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जिले में अब तक 627 कोरोना संक्रमित
जिले में अब तक 627 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। स्वस्थ होने पर 228 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इसमें 389 का इलाज चल रहा है। 10 की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 78 प्रवासी हैं।
विकास भवन बैठक में शामिल हुए थे संक्रमित वीडीओ
विकास भवन सभागार में शुक्रवार को 8 ब्लॉकों के करीब 150 कर्मचारियों की सीडीओ ने बैठक बुलाई थी। जिसमें सिकंदरपुर सरोसी में संक्रमित मिले कर्मचारी भी शामिल थे। इनकी रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आने के बाद सभी में दहशत व्याप्त है। यही नहीं सैंपल देने के बाद इन कर्मचारियों से लगातार काम लिया जा रहा था। इससे अन्य लोगों के संपर्क में भी यह आए हैं।
ब्यूरो उन्नाव
पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home