Thursday, April 30, 2020

सुबह लाइन हाजिर किए गए कोतवाल दोपहर बाद हुए निलम्बित

लाकडाउन तोड़ निकाली गई विदाई रैली, वीडियो वायरल हुआ तो एसपी ने की कार्रवाई…
सुल्तानपुर/उत्तर प्रदेश:- लॉकडाउन उल्लंघन को लेकर पुलिस कर्मियों के साथ हुई मारपीट की जानकारी उच्च अधिकारियों से छिपाने के मामले में बुधवार की सुबह लाइन हाजिर किए गए चांदा के कोतवाल प्रवीण यादव को दोपहर बाद निलंबित कर दिए गए। लाइन हाजिर किए जाने के बाद लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के साथ शारीरिक दूरी के अनुपालन को दरकिनार कर सैकड़ों लोग उनकी विदाई समारोह व रैली में शामिल हुए थे।
उल्लेखनीय है कि बीते 21 अप्रैल को रजवाड़े रामपुर में लॉकडाउन उल्लंघन को लेकर पुलिस व गांव के आधा दर्जन युवाओं के बीच हुई मारपीट हुई थी। पुलिस कर्मियों द्वारा इसका वीडियो भी बनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद जागी पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे प्रकरण को कोतवाल प्रवीण यादव द्वारा छिपाने की कोशिश की गई। सोशल मीडिया व समाचार पत्रों से हुई जानकारी के बाद एसपी शिवहरि मीणा ने बुधवार को कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया। कोतवाल ने किए गए कार्यों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों से अपनी सहानुभूति व्यक्त की थी। दोपहर बाद उनसे मिलने वाले कोतवाली में पहुंचने लगे और विदाई समारोह में सैकड़ों लोग शामिल हो गए। कोतवाल को फूल माला पहनाकर थाना परिसर से लेकर चांदा कस्बे तक करीब एक किमी तक रैली निकाली गई। रैली में काफी संख्या में पुलिस कर्मी भी साथ चल रहे थे। इसके बाद किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। एसपी तक यह वीडियो पहुंचने के बाद उन्होंने प्रवीण यादव को निलम्बित कर दिया।

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home