Tuesday, August 11, 2020

प्रेस विज्ञप्ति कानपुर नगर 11अगस्त 2020

*प्रेस विज्ञप्ति*
*कानपुर नगर, दिनांक 11 अगस्त, 2020*
मुख्य सचिव, उ0प्र0 शासन श्री राजेंद्र कुमार तिवारी ने आज नगर निगम के एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर में कोविड-19 के बचाव एवं उसके व्यापक रोकथाम हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक आहूत की। उन्होंने इस मौके पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर में प्राप्त सूचना के अनुसार मरीजों की उचित देखभाल हेतु जो निर्णय लेना है उसे तत्काल लिया जाए तथा गंभीर मरीजों के संबंध में कोई सूचना मिलने पर तत्काल उचित कार्यवाही कर समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए साथ ही संबंधित मरीजों के परिवारजनों को भी जो इलाज किया गया है उसके बारे में अवगत करायें। कोविड-19 के मरीजों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी प्रकार की कोई कमी ना होने पाए उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों के हितों को ध्यान रखते हुए कोविड अस्पतालों में और अधिक सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा है कि बढ़ते हुए मरीजों की संख्या के दृष्टिगत प्रत्येक दशा में कोविड अस्पतालों की क्षमता बढ़ाई जाए। उन्होंने आवश्यक उपकरणों जैसे एच0एन0एफ0सी0, वेंटिलेटर तथा बेड की संख्या बढाकर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
श्री तिवारी ने कहा कि जनपद में कोविड के एल-3 अस्पतालों में 250 बेड को बढ़ाकर कम से कम 550 तक किया जाए। इसके अलावा एल-2 के मरीजों के इलाज हेतु 1004 बेड को बढ़ाकर 2000 तक किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अनिल कुमार मिश्रा को कोविड अस्पतालों के कितने स्टाफ डॉक्टर और बेड की अतिरिक्त आवश्यकता है, इसका चार्ट बनाकर तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरहाल में कोविड मरीजों के और अधिक उचित देखभाल हेतु चिकित्सा सुविधा बढ़ानी पड़ेगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे प्रत्येक अस्पताल के बारे में अद्यतन जानकारी रखें व टीम के साथ अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरन्तर जायजा लेते रहे। उन्होंने एल-1 के ऐसे मरीज जो होम आइसोलेशन में रह सकते हैं उनका भी चार्ट बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से कोविड मरीजों के उचित देखभाल हेतु 5 करोड की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है इसका समुचित सदुपयोग करते हुए सुविधायें, संयन्त्र व उपकरण प्रत्येक दशा में बढाई जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि कोविड मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने वाले व अपने कार्यो के प्रति सचेत नही रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। सभी अधिकारी आपसी तालमेल व सामन्जय बना कर व्यापक रणनीति बनाते हुए कोविड मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित करे। मरीजों के हितो को ध्यान में रखते हुए जो भी निर्णय लेने हो उसे मौके पर ही लिये जाए। इससे पूर्व उन्होंने कन्ट्रोंल रूम में तैनात चिकित्सकों से कन्ट्रोंल रूम में आने वाली शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए एक कोरोना मरीज के परिवार द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत पर क्या कार्यवाही की गई है के संबंध में स्वयं मरीज के परिजनों से वार्ताकर तत्काल आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्था कराये जाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये। उन्होंने कन्ट्रोंल रूम में आज कितनी शिकायतें प्राप्त हुई तथा उनपर क्या कार्यवाही की गई है के संबंध में भी जानकारी करते हुए समस्याओं/शिकायतों का तत्काल उचित निस्तारण करने के संबंध में प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया।
बैठक में महापौर श्रीमती प्रमिला पाण्डेय, मण्डलायुक्त डा0 सुधीर एम0 बोबडे, सचिव चिकित्सा शिक्षा श्री अमित गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 प्रीतिन्दर सिंह, नगर आयुक्त श्री अक्षय त्रिपाठी सहित अपर निदेशक स्वास्थ्या डा0 आर0पी0 यादव के अलावा संबंधित चिकित्सा अधिकारीगण उपस्थित रहे।
------------------------

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home